Wed. Jun 3rd, 2026

जशपुर में आयोजित हुआ रौतिया युवा समागम एवं महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान…

 

जशपुर नगर/ जशपुर स्थित वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल में रौतिया समाज छत्तीसगढ़ द्वारा “रौतिया युवा समागम एवं महिला सशक्तिकरण” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की मातृशक्ति, युवाओं, विद्यार्थियों एवं वरिष्ठजनों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

 

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पद्मश्री फूलबासन बाई यादव ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि “यदि महिलाएं संगठित हो जाएं तो परिवार, समाज और राष्ट्र की तस्वीर बदल सकती है।” उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण जीवन की मार्मिक यात्रा साझा करते हुए बताया कि जीवन में एक समय ऐसा भी आया था जब अत्यधिक गरीबी, सामाजिक उपेक्षा और निराशा के कारण वे अपने छोटे बच्चों सहित रेलवे पटरी पर आत्महत्या करने के इरादे से पहुंच गई थीं। किंतु उन्होंने परिस्थितियों के आगे हार मानने के बजाय संघर्ष का मार्ग चुना। आज वही संघर्ष उन्हें देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री तक ले गया और वे करोड़ों महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन चुकी हैं। उनके इस भावुक वृत्तांत ने उपस्थित जनसमूह को भावुक कर दिया तथा महिलाओं और युवाओं को विपरीत परिस्थितियों में भी हिम्मत न हारने की प्रेरणा दी।

 

विशिष्ट अतिथि श्री अभिषेक कुमार, IAS, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जशपुर ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण, लक्ष्य निर्धारण एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए अनुशासन, निरंतर प्रयास और सही दिशा में मेहनत आवश्यक है।

 

श्री अमित रंजन सिन्हा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके व्यक्तिगत प्रश्नों के उत्तर दिए तथा करियर से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने विशेष रूप से जवाहर नवोदय विद्यालय एवं अन्य आवासीय विद्यालयों की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

 

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद जशपुर के अध्यक्ष श्री अरविंद भगत एवं कोषालय अधिकारी श्री ओमकार साय ने भी विद्यार्थियों एवं युवाओं को शिक्षा, व्यक्तित्व विकास और समाज सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

 

इस अवसर पर कक्षा 10वीं, 12वीं एवं स्नातक/स्नातकोत्तर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों तथा उनके माता-पिता को “प्रथम गुरु सम्मान” से सम्मानित किया गया। साथ ही समाज के विभिन्न उच्च पदों पर आसीन प्रतिभाओं एवं विशिष्ट व्यक्तियों का भी सम्मान किया गया।

 

कार्यक्रम स्थल पर रौतिया समाज के संघर्ष, संस्कृति, संगठन एवं उपलब्धियों को दर्शाती भव्य प्रदर्शनी लगाई गई थी। प्रदर्शनी में समाज की गौरवशाली यात्रा, सामाजिक जागरण, शिक्षा, नेतृत्व एवं विभिन्न क्षेत्रों में समाज के योगदान को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया था। यह प्रदर्शनी उपस्थित लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही और समाज के संघर्ष से सफलता तक की प्रेरणादायी गाथा को जीवंत कर गई।

 

कार्यक्रम में रौतिया समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमनारायण जी, प्रदेश सचिव श्री पालू राम प्रधान जी, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री बजरंग राम जी तथा रौतिया युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय कुमार सिंह, प्रदेश सचिव श्री हेमराज सिंह एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री राहुल सिंह सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा साथी, मातृशक्ति, बहनें एवं बड़ी संख्या में मेधावी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, युवा नेतृत्व, करियर मार्गदर्शन एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। उपस्थित जनसमूह ने इस आयोजन को समाज के लिए ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी पहल बताते हुए इसकी सराहना की।

You Missed