‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा अण्डिलेश्वर धाम, कांवड़ लेकर उमड़ा रौतिया समाज; श्रद्धा के जल से हुआ महादेव का जलाभिषेक…
बिलासपुर (नारायणपुर)। सावन के पावन अंतिम सोमवार के अवसर पर रौतिया समाज द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुरूप अण्डिलेश्वर महादेव (अण्डिल सरना) के पवित्र धाम में भव्य जलाभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता से ओतप्रोत इस आयोजन में माताओं-बहनों, युवाओं एवं समाजबंधुओं ने बड़ी संख्या में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ ईब नदी से पवित्र कांवड़ यात्रा के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान एवं श्रद्धाभाव से ईब नदी का पवित्र जल कलश में भरा और कांवड़ लेकर अण्डिलेश्वर महादेव के धाम की ओर रवाना हुए। यात्रा के दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।
कांवड़ यात्रा में समाज के युवाओं के साथ माताओं-बहनों की उत्साहपूर्ण सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति ने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
अण्डिलेश्वर महादेव के पावन धाम पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव का विधि-विधानपूर्वक जलाभिषेक किया। इस दौरान रौतिया समाज की सुख-शांति, समृद्धि, एकता और संगठन की मजबूती के लिए प्रार्थना की गई। साथ ही समाज के बच्चों की बेहतर शिक्षा, संस्कार, सफलता और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की गई।
समाजबंधुओं ने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की कि महादेव की कृपा सदैव रौतिया समाज पर बनी रहे और समाज इसी प्रकार एकजुट होकर विकास एवं प्रगति की दिशा में आगे बढ़ता रहे। आने वाली पीढ़ी को बेहतर शिक्षा, संस्कार और अवसर प्रदान करने के लिए सामूहिक प्रयासों को निरंतर जारी रखने का संकल्प भी लिया गया।
आस्था के इस पावन संगम में उमड़ी भारी भीड़ ने आयोजन को भव्यता प्रदान की। कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक के माध्यम से रौतिया समाज ने भक्ति के साथ-साथ सामाजिक एकता, समरसता और संगठन की शक्ति का भी संदेश दिया।
हर-हर महादेव!
